देहरादून। उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) में तैनात प्रोजेक्ट अफसर राजेश्वरी उम्र 34 वर्ष ने फांसी लगाकर जान दे दी। उनके पति पीयूष सिंह आरबीआई में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। मामले में राजेश्वरी की बहन की तहरीर पर बसंत विहार थाना पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ बसंत विहार अशोक राठौर ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दंपति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति पीयूष नहाने चला गया। इसी बीच राजेश्वरी ने रसोई में जाकर एक दरवाजा बंद किया और पंखे के कुंडे में दुपट्टे का फंदा बनाया और फांसी पर झूल गई। पति जब नहाकर लौटा तो पत्नी को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। वह आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आत्महत्या की पूरी घटना घर के सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है।दहेज और तलाक को लेकर दी जा रही थी धमकीएसओ ने बताया कि राजेश्वरी की बहन शकुंतला निवासी आईडीपीएल, ऋषिकेश तहरीर दी। कहा कि राजेश्वरी की शादी सात दिसंबर 2022 को पीयूष सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास, जेठ, जेठानी और जेठ का बेटा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि पति राजेश्वरी के साथ मारपीट करता था और उसके जेवर, शैक्षणिक दस्तावेज व बच्चों के उपहार भी ससुरालियों ने अपने कब्जे में ले लिए थे। विरोध करने पर मायके वालों के साथ गाली-गलौज की जाती थी। इसके अलावा, उसे बार-बार तलाक देने और बच्चों सहित जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं।