उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम में होने वाले इस बदलाव से पहाड़ों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
देहरादून समेत मैदानी जिलों में
भी बारिश के आसार
मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत प्रदेश के कुछ मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में मौसम का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है, जबकि तापमान में भी गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की संभावना है।ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से मौसम का मिजाज और ठंडा हो सकता है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी जाती है।
मौसम में बदलाव को लेकर
सतर्क रहने की जरूरत
अक्टूबर के मध्य में मौसम में संभावित बदलाव के मद्देनजर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखना जरूरी है, ताकि बारिश और बर्फबारी के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *