नगर पंचायत चमियाला में बनेगी वाहन पार्किंग,जाम से मिलेगा छुटकारा

Spread the love

नई टिहरी(। नगर पंचायत चमियाला में वाहन पार्किंग निर्माण के लिए 1.67 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो गई है। बाजार में वाहन पार्किंग न होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ने से स्थिति और खराब हो जाती है। चमियाला बाजार क्षेत्र के थाती, बसार, आरगढ़, गोनगढ़ और केमर पट्टी के करीब 80 गांव का व्यावसायिक केंद्र है। बाजार में दिनभर खूब चहल-पहल रहती है लेकिन वाहन पार्किंग और बाजार से वाहनों को बाहर निकालने के लिए कोई बाइपास सड़क नहीं होने से बाजार में जाम लगता है। इससे व्यापारियों और पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चमियाला बाजार की सड़क गंगोत्री और यमुनोत्री धामों को जोड़ती है। यात्रा सीजन के दौरान यात्री वाहनों की आवाजाही होने के कारण चमियाला में हर दिन घंटों तक पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम के कारण जूझना पड़ता है। व्यापारी और स्थानीय लोग लंबे समय से चमियाला में वाहन पार्किंग के निर्माण की मांग करते आ रहे हैं। नगर पंचायत बनने के बाद चमियाला बाजार का और विस्तार होने से वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पार्किंग न होने से लोग सड़क के किनारे अपना वाहन खड़ा कर देते हैं। वाहन पार्किंग के लिए लंबे समय से जगह की तलाश भी की जा रही थी लेकिन उपयुक्त स्थान पर जगह न मिलने के कारण पार्किंग का निर्माण नहीं हो पाया। चमियाला नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने कहा कि पूर्व के महिनों में टैक्सी स्टैंड के समीप ही पार्किंग के लिए भूमि चिन्हित की गई थी। पार्किंग बनने के बाद चमियाला बाजार को जाम से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *