चमोली()। अलकनंदा और नंदाकिनी के संगम पर स्थित पंच प्रयागोें में शामिल नंंदप्रयाग में 10 वर्ष बाद इस बार बैसाखी मेले का आयोजन होगा। दो दिवसीय इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम होंगे। वर्ष 2016 के बाद से नंंदप्रयाग में बैसाखी मेला नहीं हुआ है। इस बार मेले को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। बैसाखी पर नंदप्रयाग में गांवों से श्रद्धालु संगम पर स्नान कर मां चंडिका के दर्शनों के लिए पहुंचते थे। वर्ष 2016 के बाद किन्हीं कारणों से मेले का आयोजन नहीं हो पाया था मगर अब नगर पंचायत ने मेले का फिर से आयोजन करने का निर्णय लिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष पृथ्वी सिंह रौतेला और मेला कोषाध्यक्ष डॉ. सौरभ वैष्णव ने बताया कि 13 व 14 अप्रैल को मेले का आयोजन होगा। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही ममंद की की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। गढ़वाली कवि सम्मेलन और पतंजलि महिला टीम की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मेला आयोजन को लेकर संगम के साथ ही मेला स्थल पर साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। मेले को भव्य रूप दिया जाएगा।