विकासनगर। आमजन की सुरक्षा एवं आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 2 अक्टूबर 2026 को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान रेस ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा दोषपूर्ण नंबर प्लेट समेत मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान 3 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया, जबकि 15 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। इसके अलावा 12 वाहनों के नगद चालान किए गए, जिनसे कुल 6,000 रुपये संयोजन शुल्क प्राप्त हुआ। कोतवाली विकासनगर पुलिस द्वारा धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा अन्य संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और वाहन के दस्तावेज दुरुस्त रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।