नैनीडांडा क्षेत्र के अंतर्गत कतेड़ा नदी में पुल निर्माण नहीं होने पर रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नैनीडांडा में कतेड़ा नदी पर पुल निर्माण नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। नदी में पुल निर्माण नहीं होने से वर्षाकाल में समस्याएं बढ़ने लगती हैं। यदि जल्द पुल निर्माण नहीं हुआ तो ग्रमीण आंदोलन को मजबूर होंगे।
ग्राम रौंदड़ी, पुनोड़ी, चिल्लाऊ, सौंपखाल सहित अन्य गांव के ग्रामीणों ने धुमाकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि ग्रामीण लगातार पुल निर्माण की मांग उठा रहे हैं। बावजूद शासन-प्रशासन उनकी अनदेखी कर रहा है। वर्ष 2016-17 में पुल निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली थी। जिसके बाद वर्ष 2021 में क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह रावत ने पुल निर्माण कार्य का शिलान्यस भी किया। इसके बाद निर्माण के लिए लोहा सहित अन्य लाखों का सामान मौके पर पहुंचाया गया। लेकिन, आज तक पुल निर्माण धरातल पर रंग नहीं ला पाया। नतीजा, पुल निर्माण के लिए लाई गई लाखों की सामग्री भी बर्बाद हो रही है। पुल निर्माण नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सांकेतिक रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठकर धरना दिया। साथ ही यदि जल्द कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो सैकड़ों गांव के ग्रामीण एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस नेता रघुवीर सिंह बिष्ट, कुलदीप सिंह रावत, राहुल बिष्ट, धनवीर सिंह नेगी, सुभाष नेगी, दीनदयाल सिंह रावत, सुनील नेगी, विक्रम सिंह कंडारी आदि मौजूद रहे।