श्रीनगर गढ़वाल : धारपंयाकोटी-कुनियाड़-रतकाली मार्ग के निर्माण की मांग के लिए क्षेत्रवासियों ने जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर सड़क निर्माण में लगातार देरी का आरोप लगाया। कहा गया कि वर्ष 2017-18 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गांव के लिए सड़क की घोषणा की थी, लेकिन आज तक तीन किलोमीटर सड़क भी नहीं बन पाई है।
उत्तम सिंह असवाल ने आरोप लगाया कि विधायक विनोद कंडारी लगातार सड़क निर्माण का आश्वासन दे रहे हैं, जबकि हर वर्ष केवल सर्वे ही कराए जा रहे हैं। हाल ही में विधायक की ओर से टेंडर होने की बात कही गई थी, लेकिन तीन बार सर्वे के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लोनिवि की ओर से तीन किमी. और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सात किमी. सड़क का सर्वे पूरा होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। सड़क न होने से बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। महिपाल सिंह पंवार और पुरुषोत्तम उनियाल ने चेतावनी दी यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा और विधायक का गांवों में विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों उम्मेद सिंह कंडारी, सते सिंह कंडारी, तोता सिंह कंडारी, धर्म सिंह कंडारी, अजय सिंह कंडारी और रामलाल नौटियाल आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)
पीएचडी प्रवेश परीक्षा की 12 जुलाई को
गढ़वाल केंद्रीय विवि की पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी जोरों पर हैं। इसके लिए 12 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि छात्रों की मांग पर 22 और 23 जून को पीएचडी में आवेदन के लिए पोर्टल को पुन: खोला था। इन दो दिनों में 70 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे पूर्व कुल 1400 आवेदन विवि को प्राप्त हुए हैं।