जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर के ग्राम दीवा में ग्रामीणों ने दीवा-द्वारीखाल मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 25 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक न तो मार्ग का निर्माण शुरू हुआ और न ही सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो सकी है।
बुधवार को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में ग्रामीण दीवा गांव में एकत्र हुए और क्षेत्रीय विधायक तथा शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग उठाई। विनोद डबराल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीवा-द्वारीखाल मोटर मार्ग बनने से क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों की आवाजाही के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मार्ग का लाभ क्षेत्रीय विधायक के पैतृक गांव को भी मिलेगा, बावजूद इसके वर्षों से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मोटर मार्ग निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित की इस मांग की लगातार अनदेखी किए जाने पर ग्रामीण क्षेत्रीय विधायक के गांवों में प्रवेश का विरोध करने को भी मजबूर होंगे। प्रदर्शन में महेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, सोहन सिंह, मुरली सिंह, सतेंद्र सिंह, मदन सिंह, विनीता देवी, रजनी देवी, रमेश सिंह, जयमल सिंह, देवेंद्र सिंह, आनंद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।