श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड कीर्तिनगर के अंतर्गत लोस्तु बडियारगढ़ के ग्रामीणों ने बिजली, पानी, गैस समेत कई जनसमस्याओं के समाधान की मांग के लिए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से विभिन्न गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप गोदियाल ने कहा कि छाम से खलियाणी गांव, सिल्काखाल के फतडु से रतगाली, बडियारगढ़ से कांडा को सड़क से न जोड़े जाने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। इसके अलावा लोस्तु बडियारगढ़ में कई जगह हर घर नल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई गई, लेकिन इससे पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं है। साथ ही बिजली की क्षतिग्रस्त लाइन व पुराने खंभों को अभी तक नहीं बदला गया है। रसोई गैस की भी दिक्कत बनी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। इस मौके पर सरोप सिंह भंडारी, कमल सिंह, वीरेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, प्रदीप सिंह, लक्ष्मी देवी, सुनीता देवी, ज्योति देवी, सरिता देवी और बबीता देवी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)