जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड कोट की खांड्यूसैंण-बगोलीधार मोटर मार्ग पर डामरीकरण के कार्य पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। करीब 17 साल बाद बन रही सड़क का डामरीकरण कार्य हाल ही में दोबारा शुरू किया गया था, लेकिन बारिश के बाद कई जगहों पर डामर उखड़ने लगा है। ग्र्रामीणों ने कहा कि जब तक पहले से खराब हो चुके हिस्सों को सही तरीके से नहीं बनाया जाएगा तब तक सड़क का काम आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। पीछे से बनी सड़क खराब होती जा रही है और निर्माणदायी संस्था आगे काम कर रही है। ग्रामीणों ने डामरीकरण कार्य के जांच की मांग की है।
कोट ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले 13 किमी. के मार्ग का सुधारीकरण, पैराफिट, रिटेनिंग वाल आदि कार्य पिछले कई महीनों से लंबित थे। निर्माणदायी संस्था ने सड़क पर कुछ जगहों पर डामरीकरण किया था, लेकिन कुछ जगहों पर कार्य किया जाना बाकी था। बीते सप्ताह शेष कार्य को शुरू किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माणदायी संस्था की ओर से घटिया कार्य किया जा रहा है। बारिश में कई जगहों पर डामर उखड़ गया है और सड़क पर गढ्डे बन गए हैं जिन्हें भरने के लिए पैचवर्क किया जा रहा है। ग्रामीण अनिल रावत ने कहा कि चार दिन पहले ही काम शुरू हुआ। सड़क का डामरीकरण अब उखड़ने लगा है। सड़क पर डामर के कंकड़ फैले हुए है जिससे दोपहिया चालकों के रपटने का खतरा बना है। पूर्व प्रधान कोट विकास रौथाण ने कहा कि सड़क का मरम्मत कार्य करीब 17 साल बाद हो रहा है। बावजूद इसके निर्माण कार्यों में बेहद लापरवाही दिखाई दे रही है। विभाग को कई बार कहने के बाद भी काम की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। राजेंद्र सिंह चौहान, सहायक अभियंता, पीएमजेएसवाई श्रीनगर का कहना है कि बीते दिनों बारिश के चलते डामर उखड़ गया था जिसे ठीक किया गया है। डामरीकरण की गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है।