हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर अपने बयान के बाद ट्रोल होने वालीं व्लॉगर दीक्षा पांडे का डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि एक-दो दिन में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। दरअसल, दीक्षा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर फौजियों की पत्नियों पर विवादित टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद वह लगातार ट्रोल हो रही थीं। दीक्षा ने एक नामी व्लॉगर पर भी प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। दीक्षा की टिप्पणी के बाद एक संस्था ने मोर्चा खोलते हुए उनके खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद व्लॉगर दीक्षा ने एक वीडियो बनाकर आत्महत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने सोमवार को दीक्षा को कालाढूंगी बुलाया था। इसी दौरान, वॉशरुम में जाकर उन्होंने सल्फास गटक लिया। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां फिलहाल उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। दीक्षा ने आरोप लगाया कि पुलिस उन पर जबरदस्ती माफी मांगने का दबाव बना रही थी। वहीं, सीओ अमित सैनी ने बताया कि पुलिस ने उन्हें सिर्फ काउंसलिंग के लिए बुलाया था, ताकि वह गुस्से में आकर कोई गलत कदम न उठाएं।
व्लॉगर दीक्षा पांडे का सल्फास खाते वीडियो वायरल: कालाढूंगी निवासी व्लॉगर दीक्षा पांडे का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब दीक्षा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह वॉशरूम में जाकर सल्फास खाती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।