जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा गुरूवार मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस पर आशियाना राधारानी वृद्धाश्रम जयहरीखाल में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के आयोजन के साथ ही राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धाश्रम में मौजूद वृद्ध जनों को हाईजीन किट वितरित की गई। इस दौरान 46 लोगों की जांच की गई। साथ ही 14 दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बनाए गए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि युवा वर्ग को बुजुर्गों के प्रति सम्मान, देखभाल, सहानुभूति, भावनात्मक समर्थन रखना चाहिए। कहा कि बुजुर्ग हमारी मूल्यवान संपत्ति हैं। उनके पास जीवन का लंबा अनुभव होता है, जो कि समाज में मार्ग दर्शक के रूप में अपनी भूमिका निभाते हैं। बढ़ती उम्र में बुजुर्गों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है। जिसके लिए उन्हें समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच, सरल व्यायाम, परिवारजनों से बातचीत, तंबाकू व शराब से दूरी, मनोरंजक गतिविधियों को चुनना, मेडिटेशन, टहलने के साथ ही संतुलित भोजन लेना चाहिए। साथ ही उन्हें मानसिक रूप से सकारात्मक रहने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष गुसाई, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. फकीर सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी कामेश चौहान, वृद्धाश्रम सचिव अभिनव गुसाईं, श्वेता गुसाई, निम्मी कुकरेती, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय डालाकोटी, ईएनटी सर्जन हर्षिता ढींगरा आदि मौजूद रहे।
छात्रों को दिलाई नशा मुक्त भारत की शपथ
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक किया गया। इसके साथ ही छात्रों को मानसिक तनाव से दूर रहने, अपने मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत रखने, संतुलित व पोषण युक्त भोजन करने एवं किसी प्रकार के नशे तंबाकू सिगरेट,शराब ड्रग्स आदि से दूर रहने की सलाह दी गई। इस दौरान छात्रों द्वारा नशा मुक्ति एवं अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए। इस मौके पर छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।