आंगन में धमका गुलदार, दहशत में जन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज से सटे सनेह क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। रामपुर में बगीचे में गए युवक पर गुलदार ने झपट्टा मारने की कोशिश की। वहीं बिशनपुर-कुंभीचौड़ में आंगन में बैठे 60 वर्षीय व्यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में दो कैमरा ट्रैप लगाए हैं और रात्रि गश्त बढ़ा दी है।


रामपुर निवासी कमल रावत बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे बगीचे में टहल रहे थे। इसी दौरान गुलदार ने उन पर झपट्टा मारने की कोशिश की। दरांती से अपना बचाव कर वे शोर मचाते हुए घर की ओर दौड़ पड़े, जिससे हमले से बाल-बाल बच गए। इससे पहले भी गुलदार उनके कुत्ते पर तीन बार हमला कर चुका है। कमल रावत ने बताया कि गुलदार की दहशत के कारण उन्होंने घर व बगीचे में 12 सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं जिससे गुलदार की मूवमेंट पर नजर रखी जा सके। वहीं, बिशनपुर-कुंभीचौड़ निवासी ललिता प्रसाद नौटियाल (60) बुधवार रात करीब आठ बजे घर के आंगन में बैठे थे। तभी गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन बाहर आए तो गुलदार जंगल की ओर भाग गया। हमले में ललिता प्रसाद के हाथ और जांघ पर खरोंच आई। परिजन उन्हें बेस अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। डीएफओ गौरव वर्मा ने बताया कि गुलदार अपने लिए क्षेत्र तलाश रहा है। गुलदार अभी शिकार करने में सक्षम नहीं है और भूख के कारण हमले कर रहा है। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दो कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं और रात्रि गश्त बढ़ाई गई है। वहीं रिहायशी क्षेत्रों और स्कूलों के आसपास बाघ-गुलदार की बढ़ती सक्रियता को लेकर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर वार्ता की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और अतिरिक्त पिंजरे लगाने की मांग की। उन्होंने वन मंत्री को बताया कि गुलदार ने सदानंद कॉलोनी-लालपानी में एक बछिया को मार डाला। वहीं कोटड़ीढांग इंटर कॉलेज के पास दोपहर करीब 2:30 बजे छुट्टी के समय सुरक्षा दीवार पर गुलदार दिखाई दिया। इससे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर चला गया। नेगी ने हाथियों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी वन मंत्री के सामने रखा। वन मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *