12 राज्यों में तूफानी बारिश को लेकर चेतावनी, तापमान आएगी गिरावट

Spread the love

-पहाड़ी राज्यों में हो सकती है बर्फबारी
नईदिल्ली, देश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को अंधड़-बारिश के कारण कई शहरों में पारा 40 डिग्री के नीचे आ गया। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ जगह ओलावृष्टि देखने को मिली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों और मध्य भारत के 12 राज्यों में 6 मई के बीच मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
राजस्थान में शनिवार को तेज आंधी चलने से सैंकड़ों पेड़ टूट गए तो कहीं मकानों को नुकसान हुआ है। प्रदेश में रविवार को 11 जिलों में मौसम खराब रहेगा। उत्तर प्रदेश में दिन में भीषण गर्मी पड़ेगी, लेकिन शाम को मौसम बदल सकता है और अगले 2 दिनों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में 27 जिलों और बिहार के 24 जिलों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। आज भी बादल छाए रहने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चलेगी। 3 से 8 मई तक राजधानी में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हरियाणा में सुबह से ही झौंकेदार बारिश हो रही है, वहीं पंजाब के 8 जिलों में आज ऐसा ही मौसम रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें तो शनिवार को उत्तराखंड के देहरादून में ओले गिरे और आज कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बादल बरसेंगे। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार, अगले 5 दिन पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी राज्य तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी मौसम बिगड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *