बिशन सिंह बेदी के निधन पर शोक की लहर, पीएम मोदी बोले- उनके जाने से गहरा दुख हुआ

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन सोमवार (23 अक्तूबर) को हो गया। उन्होंने 77 साल की आयु में अंतिम सांस ली। बेदी ने भारत के लिए 67 टेस्ट और 10 वनडे खेले थे। इन दोनों फॉर्मेट में उन्होंने क्रमश: 266 और सात विकेट लिए थे। बेदी के निधन से क्रिकेट जगत को बड़ा नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियों ने शोक जताया। वहीं, बीसीसीआई ने कहा कि पूर्व कप्तान के निधन से बड़ी क्षति हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेदी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, ”प्रसिद्ध क्रिकेटर श्री बिशन सिंह बेदी जी के निधन पर गहरा दुख हुआ। खेल के प्रति उनका जुनून अटूट था और उनके अनुकरणीय गेंदबाजी प्रदर्शन ने भारत को कई यादगार जीतें दिलाईं। वह क्रिकेटरों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।”
अमित शाह ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, ”महान स्पिनर और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी जी के निधन से गहरा दुख हुआ। बेदी जी न केवल क्रिकेट जगत में अपने योगदान के कारण बल्कि पिच पर जादू बिखेरने वाले कुशल गेंदबाजी के उस्ताद के रूप में भी हमारी यादों में जीवित रहेंगे। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों और उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *