कोटद्वार-पौड़ी

पौड़ी शहरवासियों को नहीं मिल रही जाम के झाम से निजात

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में लोगों को जाम के झाम से निजात नहीं मिल पा रही है। प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद भी सड़कों से जाम कम नहीं हो पा रहा है। शहर का आलम यह है कि राहगीरों को पैदल चलने की जगह तक नहीं मिल पा रही है। लोगों को मजबूरन पैराफीट के ऊपर से निकलना पड़ रहा है।
जी हाँ पर्यटन नगरी पौड़ी की सड़कों पर जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है। आये दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को सप्ताह के पहले दिन लोग सुबह अपने कार्यों के लिए दफ्तर व बाजारों की ओर निकले तो उन्हें जाम की समस्या से जूझना पड़ा। सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों से जाम आये दिन लगता ही रहता है। ऐसे में श्रीनगर रोड़ पर सुबह लोग जाम की समस्या से जूझते रहे। लोगों ने पुलिस व आपसी समन्वय से जाम खुलवाया। करीब आधे घंटे तक लोगों को जाम खोलने के लिए खूब मेहनत करनी पड़ी। वहीं शहर के श्रीनगर रोड, माल रोड व कोटद्वार रोड पर बिना पार्किंग व्यवस्था के चलते वाहनों को यहां वहां खडे करने से आये दिन लोगों को जाम की समस्या से भी दो चार होना पड़ता है। हालांकि पालिका प्रशासन की ओर पार्किंग व्यवस्था की गई है। लेकिन बढ़ते यातायात के सामने वो भी ना काफी साबित हो रही है। दरअसल अंग्रेजों के जमाने में निर्मित पौड़ी की यह सड़कें आज के यातायात को झेलने लायक नहीं रह गई हैं। जब यह सड़कें बनी थी तब पौड़ी में गिनती के वाहन चलते थे। वो भी अपने निर्धारित गेट या समय पर। लेकिन आज के पौड़ी में करीब हर घर में कम से कम एक वाहन तो जरूर है। ऐसे में यातायात बढ़ रहा है लेकिन सड़कें तंग हो रही हैं। वहीं शहर के यातायात को सुचारू करने के लिए पुलिस के खूब पसीने छूटते हैं। पुलिस ने प्रमुख चौकों पर यातायात पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी को तैनात किया हुआ है। बावजूद इसके शहरवासियों को जाम के झाम से निजात नहीं मिल पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!