शादियों का सीजन, मैदान से पहाड़ के लिए बढ़े यात्री

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शादियों के सीजन में पहाड़ व मैदान को जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो गया है। अचानक बढ़ी यात्रियों की संख्या से परिवहन निगम, गढ़वाल मोटर्स आनर्स यूनियन (जीएमओयू) व मैक्स वाहनों पर दबाव बढ़ गया है। समय से वाहन नहीं मिलने के कारण यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों को हो रही है।
पिछले दो दिन से पहाड़ व मैदान को जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। अधिकांश यात्री शादी समारोह में शामिल होने के लिए आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में सुबह से ही कोटद्वार बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है। पहाड़ व मैदान के लिए संचालित होने वाले वाहनों में सीट फुल हो रही है। पहले सीट पाने के लिए यात्री वाहनों के पीछे दौड़ रहे हैं। अचानक बढ़ी यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन निगम व जीएमओयू ने रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया। इंतजार के बाद मुख्य मार्गों पर तो वाहन मिल रहे थे। लेकिन, संपर्क मार्ग पर सीमित वाहन ही थे। ऐसे में कई लोगों को निजी वाहन बुक कर आवागमन करना पड़ा। जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *