नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक के खाते से 15 लाख रुपये निकाले

Spread the love

रुद्रपुर। नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक के बैंक खाते से 15 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने केंद्र संचालक समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम बलकरनपुर, थाना माधोटांडा जिला पीलीभीत यूपी निवासी कमलजीत कौर पत्नी कमलजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति नशे के आदी हैं। वर्ष 2025 में नशे की हालत में उन्होंने अपनी करीब 8.5 एकड़ जमीन का सौदा पुष्प कुमार व उसके भाइयों के साथ कर दिया था। जानकारी मिलने पर उन्होंने तहसील में आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और जमीन वापस करने पर सहमति बनी। पीड़िता के अनुसार, पति की लत छुड़ाने के लिए उन्हें नव जीवन नशा मुक्ति केंद्र, बिजटी चौराहा, सितारगंज में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि केंद्र के संचालक रनधीर सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी ग्राम करघटिया सितारगंज ने अपने साथियों हरदीप सिंह उर्फ बूटा सिंह पुत्र मोहर सिंह निवासी सितारगंज और जसवंत सिंह व अन्य के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। भर्ती के दौरान उनके पति का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। जमीन के सौदे के एवज में पति के खाते में करीब 69 लाख रुपये थे, जिसका बैंकिंग ऐप उसी मोबाइल में सक्रिय था। जब वह नशा मुक्ति केंद्र पहुंचीं तो उन्हें बताया गया कि उनके पति को केंद्र में न रखकर बाईपास रोड स्थित एक कमरे में रखा गया है। वहां पहुंचने पर पति ने बताया कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया और जबरन विभिन्न खातों में रुपये ट्रांसफर कर लिए। तहरीर के अनुसार, हरदीप सिंह उर्फ बूटा सिंह की पत्नी अकविंदर कौर के खाते में अलग-अलग तिथियों में करीब 5 लाख रुपये, रनधीर सिंह के खाते में 2.50 लाख रुपये और अन्य साथियों के खातों में भी रकम ट्रांसफर की गई। कुल मिलाकर करीब 15 लाख रुपये की निकासी की गई। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात तहरीर पर रनधीर सिंह, हरदीप सिंह उर्फ बूटा सिंह, जसवंत सिंह एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *