बिग ब्रेकिंग

यमुना एक्सप्रेसवे पर हाई वोल्टेज ड्रामा, धक्का-मुक्की के दौरान गिरे राहुल गांधी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

ग्रेटर नोएडा ,एजेंसी । हाथरस सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरोप है कि पुलिस ने राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान वह सड़क पर गिर गए। सड़क पर झाड़ी में गिरने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरस हो रही हैं। इसमें एक पुलिसकर्मी दिख रहा है और राहुल के साथ कुछ उनके सहायक भी हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्हें पुलिसकर्मी ने धक्का दे दिया। जिसकी वजह से वह गिर गए। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी को चोट नहीं लगी है। उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने उठाया।
राहुल गांधी के सड़क पर गिरने की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता बेकाबू हो गए। सड़क पर गिरने के बाद राहुल गांधी दोबारा उठे और पैदल ही हाथरस के लिए चलने लगे। लेकिन पुलिस ने उन्हें एक्सप्रेस-वे पर जमीन पर एक किनारे बैठा दिया।
वहीं, राहुल गांधी ने ट्वीट कर यूपी की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया दुख की घड़ी में अपनों को अकेला नहीं छोड़ा जाता। यूपी में जंगलराज का ये आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है। राहुल व प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस फर्मूला वन ट्रैक गेस्ट हाउस ले गई। जहां पर कुछ समय के बाद कांग्रेस नेताओं को दिल्ली की सीमा में छोड़कर पुलिस वापस आ गई। राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, दीपेंद्र हुड्डा और जतिन प्रसाद भी मौजूद रहे।
जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने हिरासत में लेकर गेस्ट हाउस जाने लगी तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस की जीप को चारों ओर से घेर कर पार्टी कार्यकर्ता जमीन पर लेट गए। ताकि उन्हें पुलिस न ले जा सके। जबकि कुछ कार्यकर्ता उस जीप के ऊपर चढ़कर हंगामा करने लगे जिसमें राहुल गांधी बैठे हुए थे।
उधर, प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि उन्हें हाथरस जाने से रोका गया। जब वह राहुल के साथ पैदल चलने लगे तो बार-बार पुलिस ने रोका और बर्बरता से लाठीचार्ज किया। कई कार्यकर्ता घायल हैं। मगर हमारा इरादा पक्का है। काश यही लाठियां, यही पुलिस हाथरस की दलित बेटी की रक्षा में खड़ी होती।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी की पिटाई
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनकी पिटाई की है। आरोप है कि उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वहीं लाठीचार्ज में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें लगी हैं। बताया जा रहा कि जब राहुल व प्रियंका गांधी को गेस्ट हाउस ले जाया गया तो उसके बाद पुलिस यमुना एक्सप्रेसवे पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। और उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
डीएनडी पर लगा जाम
इससे पहले जब कांग्रेस नेताओं का काफिला डीएनडी पर पहुंचा तो लंबा जाम लग गया। पुलिस काफिले को डीएनडी से ही वापस कराने की तैयारी में थी, लेकिन कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस काफिले को वापस नहीं कर पाई, इसके बाद राहुल और प्रियंका का काफिला ग्रेटर नोएडा की तरफ बढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!