योजनाओं का लाभ पहुंचाने, पेंशन प्रकरणों के निस्तारण के दिए निर्देश

Spread the love

रुद्रप्रयाग। जिला कार्यालय सभागार में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। बैठक में केंद्र पोषित योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को पात्र और जरूरतमंद लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध पहुंचाने और पेंशन प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। बैठक में पीएमजीएसवाई, वीबीजीरामजी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि, पूर्ति, खेल आदि योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को पात्र और जरूरतमंद लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने और दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों में विशेष सक्रियता बरतने को कहा। उन्होंने जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने, योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन करने, पीएमजीएसवाई के तहत संचालित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए वन विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिले में संचालित विकास कार्यों और केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष रुद्रप्रयाग संतोष रावत, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *