गंगा में नहाते हुए युवक तेज बहाव में बहकर लापता

Spread the love

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल के पास गंगा में नहाते समय युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जल पुलिस की टीम ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। रविवार को भी तलाश जारी रही। पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम करीब सात बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि जटवाड़ा पुल के पास एक युवक गंगा में बह गया है। पुलिस बल मौके पर रवाना किया गया और जल पुलिस को भी अलर्ट किया गया। बताया गया कि पौड़ी-गढ़वाल निवासी 25 वर्षीय विजेंद्र पोखरियाल हरिद्वार आया हुआ था। वह अपनी मंगेतर के साथ जटवाड़ा पुल के निकट गंगा घाट पर बैठा था। इसी दौरान वह गंगा में नहाने उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तैरते हुए कुछ दूर आगे निकल गया और अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद मंगेतर और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और जल पुलिस ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *