रामनगर । सराईखेत से गांजा लेकर आ रहे आरोपी को पुलिस ने कार के साथ आमडंडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद हुआ है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पराुलिस टीम ने आमडंडा क्षेत्र से पूछड़ी नई बस्ती निवासी सागर सिंह रावत को 27 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि वह शुक्रवार को सराईखेत के लिए अपनी कार से टूरिस्ट बनकर सराईखेत घूमने के बहाने गया था। सोमवार को उसने सराईखेत में जगत सिंह नाम के व्यक्ति से 70 हजार रुपये में गांजा खरीदा। इसे वह गुलरघट्टी निवासी आशू खान और कुंडेश्वरी निवासी बबलू को 7 लाख रुपयों में बेचने की फिराक में था। चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सागर सिंह से पूछताछ कर तस्करी के साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।