युवाओं ने दिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : माई भारत चमोली के तत्वावधान में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर में जिला स्तरीय नशा मुक्ति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कुल आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें नृत्य, संगीत, कविता पाठ, चित्रकला, स्लोगन लेखन, रील मेकिंग सहित अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. द्विवेदी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *