युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहे

Spread the love

कारगिल शहीद धर्म सिंह रावत राइंकॉ कल्जीखाल में जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाजिश कलीम के निर्देशन में गुरूवार को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में कारगिल शहीद धर्म सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज कल्जीखाल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।


शिविर में छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों, नि:शुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, मानव एवं वन्य जीवों संघर्ष, महिला एवं बाल संरक्षण संबंधी कानूनों तथा नालसा/डाल्सा के निर्देशन में विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से नि:शुल्क विधिक सहायता एवं विधिक परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही युवाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में विधिक जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि पात्र व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य किरण बाला, असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल पौड़ी विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत, जिला परिवीक्षा कार्यालय से निखिल डेविड, पीटीए अध्यक्ष एवं पूर्व कनिष्ठ प्रमुख अर्जुन सिंह पटवाल, अधिकार मित्र जगमोहन डांगी, अधिकार मित्र सज्जन सिंह नेगी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *