जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल में करियर काउंसलिंग सेल व एक्सीलेंस ग्लोबल स्किल्स द्वारा विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से “युवाओं के लिए वित्तीय कौशल में दक्षता ज्ञान अर्जित करें, भविष्य संवारें” विषय पर प्रेरणात्मक एवं शैक्षणिक प्रशिक्षण वेबिनार आयोजित किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. फकीर सिंह ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए वित्तीय ज्ञान और सही वित्तीय निर्णय लेने की समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर एवं अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने में सक्षम बनाते हैं।

वेबिनार का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता, धन प्रबंधन, बचत की आदत, निवेश की समझ तथा भविष्य के लिए बेहतर वित्तीय योजना बनाने की क्षमता विकसित करना रहा। वेबिनार में सेबी स्मार्ट प्रशिक्षक आशीष शाह ने विद्यार्थियों को वित्तीय निर्णयों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कमाई और खर्च के बीच संतुलन बनाए रखने, नियमित बचत करने, आवश्यकता एवं इच्छा के बीच अंतर समझने, धन के सही प्रबंधन तथा निवेश से पहले उचित जानकारी प्राप्त करने पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। वेबिनार का विशेष फोकस युवा अवस्था से ही वित्तीय अनुशासन विकसित करने, अनावश्यक खर्चों से बचने और सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने पर रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. एस. ए. अंसारी, डॉ. सत्यनंदन भगत, डॉ. विनीता देवी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।