मौसम बदलते ही उपजिला चिकित्सालय में बढ़े मरीज

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। उपजिला चिकित्सालय में इन दिनों उल्टी-दस्त और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 8 से 10 मरीज इन शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों और किशोरों की संख्या अधिक है।
उपजिला चिकित्सालय के फिजिशियन डॉ. सौरभ समदर ने बताया कि मौसम में बदलाव और संक्रमण के कारण उल्टी-दस्त व बुखार के मरीज बढ़े हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 8 से 10 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें 15 से 20 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों की संख्या अधिक है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ पानी पीने, ताजा भोजन करने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने बताया कि मौसम जनित बीमारियों को देखते हुए अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं और उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी मरीज को इलाज में परेशानी न हो। श्रीनगर उपजिला चिकित्सालय में पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली जनपदों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *