अतिक्रमण से शहर की व्यवस्था बदहाल, नागरिक मंच ने जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में बढ़ते अतिक्रमण और बदहाल सड़कों समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नागरिक मंच की बैठक में रोष जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि मुख्य मार्गों और गलियों में ं जगह-जगह अतिक्रमण होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।


नगर व्यापार मंडल सभागार में आयोजित बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अतिक्रमण के कारण शहर की व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रशासन को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़कों की बदहाली के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जानी चाहिए। बैठक में राजकीय चिकित्सालयों में भर्ती होने वाले गोल्डन कार्ड धारकों के लिए अलग कक्ष उपलब्ध कराने, नार्थ कार्बेट रिसोर्ट की व्यवस्थाओं में सुधार, मोटर नगर बस अड्डे का निर्माण, वन्यजीवों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार की मांग की गई। इसके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने, कण्वाश्रम का समग्र विकास करने और क्षेत्र में पीजीआई की स्थापना किए जाने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए केवल आश्वासन देने के बजाय शासन और प्रशासन को धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी होगी। बैठक में नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी, हर्षवद्र्धन ध्यानी, प्रवेश चंद्र नवानी, राजेंद्र पंत, केसीराम निराला, हरीश कुंडलिया, सुरेश मधवाल, सुनील कुमार कोटनाला, सूर्यनारायण पांडे और एसएन नौटियाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *