गुवाहाटी, असम के गुवाहाटी में मंगलवार सुबह भूस्खलन की घटना में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. यह भूस्खलन गुवाहाटी में नरेंगी के पास माथघोरिया इलाके में हुआ. पूर्वोत्तर राज्यों में इन दिनों भारी बारिश हो रही है.
जानकारी के अनुसार यह भूस्खलन माथघोरिया पहाड़ियों में हुआ और इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई. मृतकों की पहचान नागेन राजबोंगशी, उनकी पत्नी मीना राजबोंगशी और बेटी सुनु राजबोंगशी के तौर पर हुई. वहीं, स्थानीय लोगों ने उनके बेटे को मलबे के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला.
लगातार हो रही बारिश के कारण गुवाहाटी शहर सोमवार रात से ही पानी में डूबा हुआ है. शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया. भारी जलजमाव की वजह से गाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई. भारी बारिश के कारण गुवाहाटी के कई इलाकों में, जिनमें हाटीगांव, सिजुबारी, ज़ू रोड, चांदमारी और डाउनटाउन शामिल हैं, भारी जलजमाव हो गया. शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूबी गई.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में 1 से 6 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश होने की संभावना है. 1 से 2 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में और 1 से 4 सितंबर के दौरान असम और मेघालय तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
1 से 3 सितंबर और 5 से 6 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश में, 1 से 6 सितंबर के दौरान असम और मेघालय में, 2 से 5 सितंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. साथ ही 1 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश और असम और मेघालय में. और 1 सितंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है.