नई टिहरी। प्रतापनगर ब्लॉक में मृतक केतन लाल प्रकरण में शामिल अन्य दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने भीम आर्मी के साथ कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन कर धरना दिया। डीएम नितिका खंडेलवाल ने परिजनों से वार्ता करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी लेकिन परिजन पहले गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे जिससे वार्ता विफल रहने पर वे शाम तक धरने पर बैठे रहे। कलेक्ट्रेट परिसर में मृतक केतन लाल प्रकरण में पिछले आठ दिनों धरने पर बैठे परिजनों ने सोमवार को इस प्रकरण में शामिल सह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल से जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय में तालाबंदी करने बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को पुलिस ने जबरन रोक दिया। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर वहीं धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता आंदोलन चलता रहेगा। भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दलीप बर्मन ने बताया कि कलेक्ट्रेट गेट पर धरना देने के कुछ देर बाद डीएम ने परिजनों को वार्ता लिए बुलाया। डीएम ने कहा कि सीबीसीआईडी को जल्द जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।