शुद्धिकरण कांड पर कांग्रेस का मोर्चा: पछुवादून के चार थानों में पहुंची तहरीर

Spread the love

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने पछुवादून में मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सेलाकुई, सहसपुर, विकासनगर और कालसी थानों में पहुंचकर अलग-अलग तहरीरें सौंपते हुए मामले में कथित दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस की ओर से कहा गया कि घटना को तीन सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, सामाजिक न्याय और कथित जातिगत भेदभाव के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भी कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए।
प्रीतम सिंह के नेतृत्व में सेलाकुई में तहरीर
सेलाकुई थाने में चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसजनों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर तहरीर सौंपते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक ओर कथित शुद्धिकरण मामले में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि दूसरी ओर सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस ने इसे प्रशासन की निष्पक्षता और प्रदेश सरकार की जवाबदेही से जोड़ते हुए सवाल उठाए।
सहसपुर थाने में भी कांग्रेस का प्रदर्शन
सहसपुर थाने में भी कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पहुंचकर तहरीर दी। इस दौरान पछुवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताहिर अली, गुलजार अहमद और विपुल जैन समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य से जुड़े किसी भी कथित कृत्य की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
विकासनगर में नवप्रभात की मौजूदगी
विकासनगर थाने में कांग्रेसजनों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात और पछुवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर की मौजूदगी में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। ऐसे में जाति के आधार पर भेदभाव के किसी भी आरोप की गंभीरता से जांच किया जाना आवश्यक है।
कालसी में भी पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल
कालसी थाने में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित ह्यशुद्धिकरणह्ण प्रकरण के खिलाफ तहरीर दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना के संबंध में निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि तीन सप्ताह बीतने के बाद भी कार्रवाई न होना गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्टी ने कहा कि सामाजिक न्याय और समानता की मांग को राजनीति के बजाय संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के रूप में देखा जाना चाहिए।
संविधान सर्वोपरि का दिया संदेश
कांग्रेस नेताओं ने अपने बयानों में कहा कि जातिवादी और भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाना संविधान, समानता और सामाजिक न्याय की रक्षा का विषय है। पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को सर्वोपरि बताते हुए सामाजिक भेदभाव के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने अथवा जांच की स्थिति की आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है। अब कांग्रेस की तहरीरों के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *