हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पिछले दिनों राहुल गांधी का कुमाऊं दौरा निरस्त होने के बाद अब पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के लिए प्रियंका गांधी की जनसभा कराने की तैयारी कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बरसात के बाद प्रियंका गांधी कुमाऊं में अल्मोड़ा या पिथौरागढ़ में बड़ी रैली कर सकती हैं। वहीं गढ़वाल में श्रीनगर में उनका दौरा प्रस्तावित किए जाने की चर्चा है।
प्रियंका के संभावित दौरे को कांग्रेस की प्रदेशव्यापी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी का फोकस कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों में संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने पर है। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद उठे विवाद को पार्टी ने संसद में भी उठाया था। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश में भाजपा के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। अब केंद्रीय नेताओं के संभावित दौरों के साथ पार्टी स्थानीय संगठन को भी चुनावी मोड में लाने में जुटी है।
दो माह बाद फिर सक्रिय हुए हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत भी करीब दो माह बाद पार्टी की गतिविधियों में फिर सक्रिय नजर आ रहे हैं। लंबे समय से प्रदेश में पार्टी की बैठकों से दूरी के बाद दिल्ली में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उनकी मौजूदगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रावत के सक्रिय होने को विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है। उनके अनुभव और प्रदेशभर में राजनीतिक प्रभाव को पार्टी चुनावी रणनीति में इस्तेमाल करना चाहती है।