जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 20 शिकायतें, निस्तारण के दिए निर्देश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं आमजन ने पेयजल, आवास, शिक्षा, रोजगार, पार्किंग सहित विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस दौरान कुल 20 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।


जनता मिलन में ग्राम मंडल निवासी श्रीमती रीना ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में अपने मायके में रह रही हैं। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी दशोली को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार पात्रता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए आवास योजना का लाभ दिलाने को कहा। देवर खडोरा निवासी बिरेंद्र सिंह ने जल जीवन मिशन से संबंधित पेयजल समस्या एवं ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद की शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को मौके पर जाकर ग्रामीणों से वार्ता करते हुए पेयजल संबंधी विवाद का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में गौणा के शिक्षा अभिभावक संघ के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, गोपेश्वर निवासी सरोज देवी, ग्राम प्रधान ग्वाड़, गंगोलगांव निवासी बलवंत सिंह राणा, सच्चिदानंद तिवाड़ी, बंशी लाल, राजपाल, नयन सिंह कुँवर, मोहन प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों एवं फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं एवं मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *