आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत रीढ़ : रेखा आर्या

Spread the love

चमोली के 9 विकासखंडों के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने सोमवार को कर्णप्रयाग स्थित ब्लॉक सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में मंत्री को विस्तृत जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं एवं सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।


अधिकारियों ने बताया कि जनपद चमोली के सभी 9 विकासखंडों में संचालित 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करना है। कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ प्रदेशभर में आयोजित होने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पोषण माह भी मनाया जा रहा है। ऐसे में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य लाभार्थियों को पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ मिल सके। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, नगर उपाध्यक्ष राकेश खंडूरी, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवि गर्ग, खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने नगर पालिका कर्णप्रयाग में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर के निर्माण के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा कर्णप्रयाग को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *