एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार, एंबुलेंस सीज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में अवैध नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में नशे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। श्रीनगर पुलिस ने इको एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी सीज कर दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान के दौरान आवास विकास ग्राउंड, श्रीनगर के समीप वाहनों की चेकिंग के दौरान वाहन संख्या यूके 14 पीए 0539 (इको एंबुलेंस) को रोका गया। जिसमें तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे 09 कट्टों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस टीम द्वारा मौके से वाहन चालक रविन्द्र सिंह को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी सीज किया गया। इस संबंध में कोतवाली श्रीनगर में अभियुक्त के विरुद्ध धारा- 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में मादक पदार्थ बरामदगी प्रकरण में गिरफ्तार अभियुक्त से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। सूचना एवं साक्ष्य संकलन साथ ही गिरफ्तार अभियुक्त से की गई जानकारी के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि गांजा तस्करी में मुख्य अभियुक्त के साथ रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू निवासी कीर्तिनगर द्वारा रुद्रप्रयाग निवासी विनोद रावत से कम दामों में गांजा की खरीद-फरोख्त की गई थी। दोनों अभियुक्तों की गांजा तस्करी में संलिप्त होने की पुष्टि होने पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए विनोद रावत पुत्र चंदन सिंह रावत निवासी बणसू, जनपद रुद्रप्रयाग को रूद्रप्रयाग से व रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू पुत्र स्वर्गीय राज किशोर निवासी बड्यारगढ़ जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल पता भक्तियाना श्रीनगर जनपद पौड़ी गढ़वाल को श्रीनगर से गिरफ्तार गया। गिरफ्तारशुदा दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायलय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक राजेश असवाल, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, जय प्रकाश खत्री, दिनेश नेगी शामिल थे।

अभियुक्त एम्बुलेंस वाहन से करते थे नशा तस्करी
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अभियुक्त रविन्द्र कठैत उर्फ बिट्टू द्वारा बताया कि पूर्व में गिरफ्तार एम्बुलेंस चालक मुख्य अभियुक्त रविन्द्र सिंह निवासी कीर्तिनगर के साथ मिलकर विनोद रावत से थोक मात्रा में गांजा खरीदा गया। इसके पश्चात दोनों अभियुक्त मादक पदार्थ गांजा को श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने का प्लान था। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा यह भी बताया गया कि नशा तस्करी के लिए अभियुक्त एम्बुलेंस वाहन का उपयोग करते थे, उन्हें यह विश्वास था कि एम्बुलेंस वाहन पर सामान्यत: किसी को संदेह नहीं होता तथा मानवीय संवेदनाओं के कारण ऐसे वाहनों की जांच भी अपेक्षाकृत कम की जाती है। इसी का लाभ उठाकर वे मादक पदार्थों का परिवहन एवं आपूर्ति कर रहे थे। पुलिस टीम की सतर्कता एवं प्रभावी कार्यवाही के चलते इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ तथा तस्करी श्रृंखला से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *