एलयूसीसी में डूबी रकम वापस दिलाने की मांग, पीड़ितों का धरना जारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : द लोनी अरबन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-आपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) में जमा रकम वापस नहीं मिलने से पीड़ितों में आक्रोश है। पीड़ितों ने कंपनी संचालकों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनकी संपत्तियां कुर्क कर निवेशकों की डूबी रकम वापस दिलाने की मांग की है।


पीड़ित सुरेश नेगी ने बताया कि कंपनी संचालकों ने निवेशकों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर बड़ी संख्या में लोगों से धनराशि जमा कराई। उनके झांसे में आकर निवेशकों ने अपनी मेहनत की कमाई का अधिकांश हिस्सा कंपनी में लगा दिया। कुछ समय बाद कंपनी संचालक कार्यालयों में ताले लगाकर फरार हो गए, जिसके बाद निवेशकों की रकम फंस गई। उन्होंने कहा कि रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर पीड़ित पिछले 416 दिनों से तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस सुनवाई नहीं हुई है। पीड़ितों का कहना है कि शासन-प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जा रही है, इसकी जानकारी भी उन्हें नहीं दी जा रही है। पीड़ितों ने मांग की कि कंपनी संचालकों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनकी संपत्तियों को कुर्क कर निवेशकों की डूबी रकम वापस दिलाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक रकम वापस नहीं मिलती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर सुनीता रावत, जयपाल सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, सरोज गौड़, सुनीता नेगी और सविता भंडारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *