जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। गढ़वाली खुदेड़ गीत और जौनसारी लोकनृत्य कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डा. डीएस नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत और वंदना प्रस्तुत की। छात्रा प्रियंका ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर दर्शकों में देशप्रेम की भावना जागृत की। दिव्यांका और खुशी ने भावपूर्ण गढ़वाली खुदेड़ गीत की प्रस्तुति देकर खूब सराहना बटोरी। वहीं नवीन ने पारंपरिक गढ़वाली चांचरी की प्रस्तुति देकर लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। अभिलाष, नवीन, प्रियंका, दिव्यांका, खुशी और शिखा की टीम ने गढ़वाली चौंफला नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जान्हवी, प्रियांशी, आकांक्षा, सांची, खुशी गोदियाल, कुणाल, आभाष और आयुष ने जौनसारी सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद प्रियंका, सुहानी, कुमुद, नव्यता, कृतिका और आकांक्षा ने गढ़वाली सामूहिक नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के विविध रंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। इस अवसर पर संगीत समिति के सदस्य डा. नवीन चंद्र खंडूड़ी, डा. सुनीता नौटियाल, डा. रवींद्र कुमार और प्रो. अरविंद अवस्थी मौजूद रहे।