गोपेश्वर-घिंघराण मार्ग हल्के वाहनों के लिए खुलने की उम्मीद

Spread the love

गोपेश्वर। चमोली जिले में बारिश के बाद हुए भूस्खलन से 16 सड़कें बाधित होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई गांवों के लोगों को जरूरी सामान लेने के लिए कई किलोमीटर पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीण राशन, सब्जी और अन्य जरूरी सामग्री को पीठ पर लादकर घरों तक पहुंचा रहे हैं। सड़कें बंद होने से बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं ब्रह्मसैंण गोपेश्वर-घिंघराण मार्ग पर गेबियन दीवार निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग को उम्मीद है कि सोमवार तक मार्ग हल्के वाहनों के लिए सुचारु कर दिया जाएगा। वहीं परखाल-डुंगरी, कोटी बैंड-घटोरा, ग्वालदम-नंदकेशरी, नंदकेशरी-जौला (ग्वालदम), चमोली-लासी-सरतोली और हरमनी-रांगतोली-लासी सड़कें भी बाधित हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य मनमोहन सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी और जयवीर सिंह ने प्रशासन से जल्द सड़कें खोलने की मांग की। वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि सड़कों को खोलने का काम लगातार जारी है। रात में बारिश होने से नए भूस्खलन की स्थिति बन रही है जिससे सड़क खोलने के कार्य में दिक्कत आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *