पोखरी। पोखरी के पास सड़क पर चट्टान टूटने से दो कार क्षतिग्रस्त हो गई। एक कार को काफी नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रही बारिश से पोखरी क्षेत्र में सड़कों की स्थिति बदहाल बनी है। सड़कों पर वाहनों का संचालन जोखिम भरा बन गया है। बृहस्पतिवार रात हुई तेज बारिश से पोखरी-मोनखाल मार्ग पर पोखरी थाना क्षेत्र के पास पहाड़ी से चट्टान टूट गई। नीचे सड़क पर खड़ीं दो कारें इसकी चपेट में आ गईं। एक कार मलबे में दब गई जबकि दूसरी कार को भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा पोखरी-हापला-देवखाल सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। कई जगह पर कीचड़ जमा हो गई है। चांदनीखाल-रडुवा-कांडई च्रंद्रशिला सड़क जगह-जगह मलबा आ रखा है और कई जगह पुश्ते टूटे हुए हैं। हापला-गुणम-नैल सड़क पर भी कई जगह पर मलबा और पत्थर आने से सड़क की स्थिति खराब हो रखी है। इसके अलावा कई अन्य सड़कों पर भी इसी तरह की स्थिति बनी हुई है।