चौदह दिन बाद स्टेशन रोड पर लौटी रौनक, खुली दुकानें

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रेलवे स्टेशन के सामने स्टेशन रोड पर पिछले 14 दिनों से बंद चल रही दुकानों के शटर बुधवार को फिर उठ गए। शासन स्तर से व्यापारियों को सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपने प्रतिष्ठान खोल दिए। दुकानों के खुलने से स्टेशन रोड पर एक बार फिर चहल-पहल नजर आई।


रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार के बाद स्टेशन के सामने संचालित 59 दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग की ओर से संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए। नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों ने दुकानें बंद कर स्टेशन रोड पर धरना शुरू कर दिया था। व्यापारियों की मांग थी कि दुकानों को हटाने से पहले उन्हें उचित स्थान पर विस्थापित किया जाए। व्यापारियों के आंदोलन को व्यापार मंडल ने भी समर्थन दिया। इसके तहत व्यापार मंडल की ओर से एक दिन का बाजार बंद कराया गया। बाद में व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा कोटद्वार पहुंचे और आंदोलनरत व्यापारियों से मुलाकात कर उन्हें समर्थन दिया। नगर व्यापार मंडल के सचिव नवीन गोयल ने बताया कि व्यापारियों की समस्या को लेकर प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने मुख्यमंत्री से वार्ता की। मुख्यमंत्री की ओर से मामले में सकारात्मक निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद व्यापारियों ने बुधवार से अपने प्रतिष्ठान खोलने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *