पुलिस पर अभद्रता और छात्र के साथ मारपीट का आरोप, सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग
श्रीनगर गढ़वाल : पौड़ी अड्डे के समीप देर रात दो दोपहिया वाहनों की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद मंगलवार सुबह भी नहीं थमा। पुलिस पर अभद्रता और छात्र के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए छात्र संघ पदाधिकारी, एबीवीपी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े छात्र बड़ी संख्या में श्रीनगर कोतवाली पहुंचे। रातभर छात्रों ने कोतवाली परिसर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की व सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई न होने तक छात्र कोतवाली में ही डटे रहे। मंगलवार दोपहर को एडिशनल एसपी के आश्वासन पर छात्र माने।

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा के अनुसार सोमवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे वह श्रीनगर से जा रहे थे। पौड़ी अड्डे के समीप बाइक और स्कूटी की टक्कर होने पर वह मदद के लिए मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि कुछ देर बाद पहुंची पुलिस टीम में शामिल सीओ ने एक छात्र को थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद छात्र संघ से जुड़े पदाधिकारी और छात्र रात में ही कोतवाली पहुंच गए और पूरी रात वहां डटे रहे। मंगलवार सुबह बिड़ला परिसर के विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी किया और करीब दो घंटे तक धरना दिया। प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने छात्रों से वार्ता कर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन छात्र उच्च अधिकारियों से वार्ता और सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में एडिशनल एसपी मनोज ठाकुर से फोन पर वार्ता के बाद छात्रों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया। धरने में छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, महासचिव अनुरोध पुरोहित, अमन पंत, रामप्रकाश, अमन काला, रोहित कोहली, पंकज फरस्वाण, गौरव मोहन नेगी, अनुराग पुरोहित, अभिनव बहुगुणा, भुवन चमोली और शारांश बत्र्वाल आदि शामिल रहे। (एजेंसी)