जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : तहसील परिसर सतपुली में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को नालसा, सालसा एवं डालसा की ओर से संचालित विधिक सेवाओं एवं आमजन को मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही स्थायी लोक अदालत तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर के बारे में भी लोगों को विस्तार से बताया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रेखा आर्य ने लोगों को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बारिश के मौसम में आपदा के प्रति सजग रहने और बिना आवश्यक कारण घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी। साथ ही साइबर क्राइम से बचाव के लिए भी लोगों को सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, ओटीपी एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की अपील की। थाना प्रभारी सतपुली दिनेश कुमार ने बाल अपराध, मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) तथा नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और बच्चों को अपराध एवं नशे से दूर रखने का आह्वान किया। इस दौरान ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याएं भी सुनी गईं। लोगों ने बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सरकारी अस्पताल सतपुली में पानी की समस्या, चमोलीसैंण में रास्ते की समस्या तथा पीडब्ल्यूडी विभाग से संबंधित अन्य समस्याएं भी सामने आईं। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी रेखा आर्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शिविर में सिविल जज सतपुली सोनिया, पीएलवी पुष्पेन्द्र राणा, देवेंद्र रावत, कृष्णा बौठियाल, मालिक राज डोबरियाल, अरविंद निराला, इंद्र सिंह नेगी, ग्राम प्रधान नौगांव कमंदा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद रहे।