आर्मी पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई बांसुरी और मटकी सजवाट प्रतियोगिता
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में गुरूवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों एवं भारतीय संस्कृति से परिचित कराना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।

कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक रूप में सजकर उत्सव की शोभा बढ़ाई। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की आकर्षक वेशभूषा ने सभी का मन मोह लिया और विद्यालय परिसर में उत्सव का वातावरण बना दिया। कक्षा छ: से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए अंतर सदनीय बांसुरी एवं मटकी सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए सुंदर एवं आकर्षक बांसुरियों और मटकियों को सजाया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, धैर्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। हमें अपने जीवन में श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने का प्रयास करना चाहिए।