डोईवाला। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए प्रवेश प्रक्रिया को विस्तार मिला है। अब प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश सात सितंबर तक दिए जाएंगे। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। डोईवाला महाविद्यालय में इन दिनों समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रथम प्रवेश प्रक्रिया जारी है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए अब सात सितंबर की तिथि निर्धारित करने के बाद से प्रवेश प्रक्रिया को गति दी गई है। कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार बीए में 560 सीटों के सापेक्ष अब तक 400 प्रवेश हो चुके हैं। इसी तरह बायो ग्रुप में 60 के सापेक्ष 46, गणित वर्ग में 60 के सापेक्ष 27 और वाणिज्य में 60 सीटों के सापेक्ष 45 प्रवेश दिए जा चुके है। इसी के साथ स्नातकोत्तर कक्षाओं में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाने से कॉलेज में प्रवेश समितियां नियमित रूप से कार्य में जुट गई है। डोईवाला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ देवेश प्रसाद भट्ट ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सात सितंबर तक प्रवेश दिए जाएगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के अंदर प्रवेश लेने को कहा है, ताकि बाद में किसी प्रकार की असुविधा न उठानी पड़ी।