जाखन के साड़ी शोरूम में लाखों की चोरी का खुलासा महिला समेत दो आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन स्थित एक साड़ी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये मूल्य की 5 सिल्क की साड़ियां, 2 लाख रुपये नकद तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को जाखन स्थित एक साड़ी शोरूम से महंगी सिल्क की साड़ियां और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मुखबिर तंत्र और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से देहरादून घूमने आए थे। इस दौरान उन्होंने राजपुर क्षेत्र में स्थित शोरूम की पहले रेकी की और मौका देखकर रात के समय शोरूम का ताला तोड़कर लाखों रुपये की साड़ियां और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
लगातार की गई जांच और सटीक सूचना के आधार पर दून पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का अधिकांश सामान और नकदी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दून पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात का पर्दाफाश हुआ है और चोरी गया अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *