नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों की कमी के चलते स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ के तीन पद स्वीकृत हैं लेकिन वर्तमान में केवल एक ही चिकित्सक के जिम्मे बाल रोग विभाग है। नियुक्ति के बाद भी अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ नहीं पहुंचे हैं। बीडी पांडे जिला अस्पताल में लंबे समय से बाल रोग विशेषज्ञ के दो पद रिक्त हैं। बीते दिनों शासन से तबादलों के दौरान अस्पताल में एक बाल रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति कर दी गई है लेकिन अब तक चिकित्सकों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इसके चलते स्वीकृत पदों के सापेक्ष अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। प्रभारी पीएमएस डॉ. द्रौपदी गब्र्याल ने बताया कि अभी बालरोग विशेषज्ञ या अन्य विशेषज्ञों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। एक सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने अस्पताल में कार्यभार संभाला है।