गंगटोक ,सिक्किम सरकार ने नामची जिले के समरडुंग क्षेत्र में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की एडीआईटी-3 (्रष्ठढ्ढञ्ज-3) सुरंग में हुए विस्फोट की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। 20 जुलाई को हुए इस हादसे में कई श्रमिकों की मौत के बाद सरकार ने घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया है।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सिक्किम पुलिस के कानून-व्यवस्था प्रभाग के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ताशी वांग्याल को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। खान एवं भूविज्ञान विभाग के प्रधान निदेशक फिगु छेरिंग भूटिया तथा अतिरिक्त निदेशक केशर लुइटेल को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं, सिक्किम पुलिस की सीआईडी के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) तेनजिंग लोडेन लेप्चा समिति के सदस्य सचिव होंगे।
समिति को विस्फोट के कारणों, दुर्घटना की परिस्थितियों, निर्माण स्थल पर अपनाए गए सुरक्षा मानकों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपायों की सिफारिश भी समिति करेगी।
हादसे के बाद सुरंग के भीतर फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए व्यापक बचाव अभियान चलाया गया। मलबा, धुआं और गैस के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस दुर्घटना में कई लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
सरकार का कहना है कि उच्चस्तरीय समिति की जांच रिपोर्ट से हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और निर्माणाधीन सुरंगों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। समिति अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी