श्रीनिवासन हत्याकांड: चार साल बाद पीएफआई का फरार आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Spread the love

नई दिल्ली ,। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने केरल के चर्चित श्रीनिवासन हत्याकांड में फरार चल रहे एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के पलक्कड़ जिला अध्यक्ष मुहम्मद अली केपी को गुरुवार सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे से हिरासत में लिया। वह सऊदी अरब के रियाद से भारत लौट रहा था और पिछले करीब चार वर्षों से विदेश में रह रहा था।
एनआईए के अनुसार, मुहम्मद अली केपी इस मामले में लंबे समय से वांछित था। उसके खिलाफ इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था, जबकि उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए तीन लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है।
जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी का नाम पहले ही इस मामले में दाखिल चार्जशीट में शामिल किया जा चुका है। उस पर भारतीय न्यायिक प्रावधानों और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत विभिन्न आरोप लगाए गए हैं। एनआईए का आरोप है कि उसने हत्या की साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को शरण देने में भी मदद की।
गौरतलब है कि केरल के पलक्कड़ में 16 अप्रैल 2022 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े नेता श्रीनिवासन की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इसके बाद सितंबर 2022 में एनआईए ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।
जांच एजेंसी का दावा है कि मामले की जांच के दौरान प्रतिबंधित संगठन पीएफआई की गतिविधियों, उसके कथित नेटवर्क और विभिन्न इकाइयों की भूमिका से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि संगठन के कुछ सदस्य सुनियोजित तरीके से हिंसक गतिविधियों और लक्षित हमलों की साजिश में शामिल थे। मामले की जांच और अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अभी भी जारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *