दिल्ली कैंट में तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

Spread the love

-चालक गिरफ्तार; मृतक एनडीएमसी में करते थे नौकरी
नई दिल्ली,दिल्ली कैंट इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दिल्ली कैंट के भारतीय तेल निगम (आईओसी) चौराहे की लालबत्ती के पास तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार चालक दुर्घटना के बाद मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे वाहन समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 2 सितंबर की शाम करीब पांच बजे दिल्ली कैंट के आईओसी लालबत्ती के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दिल्ली कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बाइक अचानक फिसल गई थी और इसी दौरान पीछे से आ रही महिंद्रा थार ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के लोदी रोड स्थित कार्यालय में नौकरी करते थे। दोनों ड्यूटी खत्म करने के बाद सेक्टर-1, द्वारका स्थित अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पुलिस उनकी पहचान और परिवार के सदस्यों को सूचना देने की कार्रवाई में जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *