दुकानों को हटाने के विरोध में व्यापारियों का धरना जारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्टेशन रोड स्थित दुकानों को हटाने के निर्णय के विरोध में व्यापारियों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। व्यापारियों ने दो टूक कहा कि जब तक उन्हें अन्यत्र दुकानें उपलब्ध नहीं कराई जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने उनकी मांगों की अनदेखी की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


स्टेशन रोड पर धरने पर बैठे व्यापारियों ने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें धरने पर बैठे कई दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली है। व्यापारियों का कहना है कि जिस स्थान पर वे वर्षों से दुकानें संचालित कर रहे हैं, वह जगह उन्हें दशकों पहले आवंटित की गई थी। ऐसे में अचानक दुकानें हटाने के नोटिस जारी होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने कहा कि दुकानों को हटाने से पहले प्रशासन को उनके पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए थी। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानों को हटाना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। धरने में महेंद्र कुमार भाटिया, सुरेश भाटिया, राजीव जैन, प्रमोद कुमार, सुनील कुमार, हरीश भाटिया आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *