देहरादून-मसूरी मार्ग पर खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौत, हेल्पर घायल

Spread the love

देहरादून-मसूरी मार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह लगभग 5:30 बजे मसूरी झील से करीब 200 मीटर आगे यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, 108 एंबुलेंस और उप जिला चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची। गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू में कठिनाई आई, जिसके बाद एनडीआरएफ को बुलाया गया। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक और घायल को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या यूके 07-सीबी-1727 रेलवे स्टेशन देहरादून से उत्तरकाशी जा रहा था। चालक की पहचान मुबारिक पुत्र इलियास अली निवासी टिमली, थाना सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। हेल्पर साजिद पुत्र रहमत गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई गई है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *